बड़ौत (बागपत)।
रालोद के छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने कहा प्रदेश और केंद्र सरकार मात्र लोगों को बहकाने के लिए बड़े-बड़े वायदे कर रही है, लेकिन पटल पर आकर कुछ नहीं हुआ। उन्होंने अपने विधायक काल में विभिन्न को विधानसभा, मुख्यमंत्री और मंत्रियों तक आवाज उठाई।
विधायक सहेंद्र सिंह सोमवार को बावली रोड स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से रूबरू हुए और अपने द्वारा किए अब तक अपने कार्यों का ब्योरा प्रमाण सहित पेश किया। उन्होंने बताया मलकपुर चीनी मिल द्वारा गन्ने के भुगतान के संबंध में जहां विधानसभा में प्रश्न उठाया, वहीं मुख्यमंत्री के समक्ष भी यह समस्या रखी। उन्होंने छपरौली, हरियाणा के बीच पुल निर्माण के मामले में भी प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया। उन्होंने चौधरी चरण सिंह खरीफ नहर की सफाई और जल उपलब्ध कराने के संबंध में भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया। छपरौली क्षेत्र के गांवों में तालाबों की सफाई और सुंदरीकरण का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने सीएम को बताया सहकारी समितियों से किसानों द्वारा तीन प्रतिशत ब्याज चुकाना पड़ता है, ऋण माफी योजना का लाभ लेने के लिए समितियों के ऋण कृषकों द्वारा ऋण चुकता न किए जाने पर जुलाई 2017 से समितियां ऋणी कृषकों को बकायादार ऋणी कृषक मानकर 10.70 ब्याज और दो प्रतिशत पैनल ब्याज, कुल 12.70 प्रतिशत ब्याज वसूल कर रही है, जो बहुत अधिक है। इसे तीन प्रतिशत ब्याज की दर से ही लिया जाए। उन्होंने सीएम के समक्ष छपरौली में कार्यरत महिला आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की समस्याओं, किसानों को नलकूप के लिए बिजली कनेक्शन देने, कौशल विकास मिशन संबंधी समस्या भी रखी। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को विधानसभा समेत संबंधित मंत्रियों को बताया। उन्होंने कहा प्रदेश में कोई भी अधिकारी समस्या को सुनने वाला नहीं है और वे मात्र आश्वासन देकर जनता को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने जनता को एकजुट होकर इसका जवाब देने की अपील की।