बिजली लाइन बदलने पर ग्रामीणों का हंगामा
दोघट (बागपत)। बिजली समस्या को लेकर गांगनौली के ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांगनौली बिजलीघर को किरठल के बिजलीघर से जोड़ा जाना गलत है।
गांगनौली बिजलीघर को वर्तमान में कान्हड़ बिजलीघर से सप्लाई की जाती है। विद्युत निगम ने अब इसे किरठल बिजलीघर से जोड़ दिया है। जिसके विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार सुबह नौ बजे गांगनौली बिजलीघर पर पहुंचकर हंगामा करते हुए धरना दे दिया। जब काफी देर तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने दोघट गांगनौली बिराल मार्ग जाम कर दिया। आरोप लगाया कि कि पहले कान्हड़ बिजलीघर से गांगनौली को बिजली दी जा रही थी। उससे किसी को भी कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन दो दिन पूर्व गांगनौली उप केंद्र को किरठल से जोड़ दिया गया। किरठल से जुड़ने के बाद से विद्युत सप्लाई न के बराबर मिल रही है। विधायक सहेंद्र सिंह रमाला से ग्रामीणों की टेलीफोन पर बात हुई तो उन्होंने भी अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया।
उधर ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत ही कान्हड़ से लाइन जोड़ने को कहकर किरठल से लाइन हटवा दी गई। लाइनमैन रविंद्र ने किरठल से कान्हड़ की लाइन बदल दी। मौके पर संजीव राठी, सूबेसिंह, मोनू, सतेंद्र, धीरज, राजेंद्र, विवेक, बिट्टू, कालू, यशवीर, अशोक आदि मौजूद थे।