बागपत। एक कैंटर में 60 मवेशियों को गाजियाबाद में कटान के लिए लेकर जाते हुए एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ट्रक से मवेशियों को बाहर निकाला गया तो उनमें से 12 की मौत हो चुकी थी और दस घायल थे।
चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को राष्ट्र वंदना चौक पर मवेशियों से लदा ट्रक पकड़ा गया। इसमें मवेशियों को मुंह-पैर बांधकर बुरी तरह से ठूंस रखा था। ट्रक से बाहर निकालने पर 12 मवेशी मृत व 10 घायल मिले। ट्रक से आरोपी मुर्सलीम पुत्र अख्तर निवासी ग्राम नूनाबड़ी सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया है। उसने बताया कि वह गाजियाबाद के डासना में कटान के लिए मवेशी लेकर जा रहे थे। उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ऑटो में मीट लेकर जाते गिरफ्तार
बागपत। चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह के अनुसार दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर अमरावती गेट के समी ऑटो में करीब 110 किग्रा भैंस का मीट लदा मिला। जिसके साथ अब्दुल रहमान निवासी पुराना कस्बा को पकड़ा। हालांकि उसका साथी आकिब फरार हो गया। आरोपी ने बताया कि मीट को खेकड़ा में दुकान पर बेचने के लिए लेकर जा रहा था। उसके पास मीट खरीद की कोई रसीद नहीं मिली। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।