अलावलपुर गांव में सोमवार को कई गांवों के ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें ग्रामीणों ने अलावलपुर-ईदरीशपुर हाल्ट पर जनता एक्सप्रेस के रुकने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने रेलवे विभाग सहित केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह को भी पत्र भेजा है।
इस बैठक की अध्यक्षता कुलदीप ने की। संचालन नवीन ने किया। इसमें ईदरीशपुर, अलावलपुर, बड़का, बाम, दौज्जा, खेड़की, आदि सहित कई गांवों के काफी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा अलावलपुर और ईदरीशपुर हाल्ट से प्रतिदिन करीबन एक दर्जन गांव के सैकड़ों यात्री प्रतिदिन आवागमन करते हैं, लेकिन प्रतिदिन दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चलने वाले अधिकांश ट्रेन यहां बिना रुके ही गुजर जाती है। यदि जनता एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का यहां पर स्टॉपेज हो जाए तो ग्रामीणों को आवागमन के लिए सुविधा और रेलवे विभाग का राजस्व बढ़ेगा। कई बार विभागीय अफसरों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने रेलवे विभाग के अफसरों सहित केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। मांग करने वालों में रीना, शांति, कमरूदीन प्रधान, बानो, किरण, धर्मवती, उमा देवी आदि रहे। दूसरी तरफ स्टेशन अधीक्षक पीके बोस ने कहा काफी समय से स्थानीय लोग इसकी मांग उठा रहे है, उच्चाधिकारियों को इस संबंध में अवगत करा दिया।