बागपत। उत्तर प्रदेश पुलिस की 41520 सिपाहियों की भर्ती में बागपत के युवाओं ने दमखम दिखाया। जिले के 1583 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, इनमें अकेले किरठल गांव के 50 अभ्यर्थी हैं। सरूरपुर कलां, शिकोहपुर, खेकड़ा और बड़ौत के अभ्यर्थियों की संख्या भी कम नहीं है।
जनपद के 1583 अभ्यर्थियों को मेडिकल टेस्ट के बाद ज्वाइनिंग मिलेगी। सफल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने खुशी मनाई। अकेले किरठल गांव के ही संदीप चौहान, अंकुर कुमार, विकास कुमार, संदीप कुमार, मनीष कुमार, अंकित, अनुज कुमार, मोहित चौहान, विशेष चौहान, अंकित चौहान, भरत चौहान, सचिन चौहान के अलावा महिला वर्ग में भी लड़कियों ने बाजी मारी है। गांव के 50 से अधिक अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। इसके अलावा सरूरपुर कलां, बड़ौत, बावली, शिकोहपुर गांव के अभ्यर्थियों ने बाजी मारी है। देहात में दिनभर कामयाबी पर खुशियां मनाई गई।
टॉपर प्रिंसी ने कहा कि सफलता मिली, मंजिल नहीं
बागपत। सरूरपुर कलां गांव के किसान देशपाल नैन की बेटी प्रिंसी नैन ने महिला वर्ग की मेरिट में पहला स्थान हासिल किया है। कामयाबी से परिवार में खुशी का माहौल है। प्रिंसी का कहना है कि सफलता से वह खुश है, लेकिन वह और अधिक बेहतर करना चाहती है। साल 2016 की इंस्पेक्टर की परीक्षा का रिजल्ट लटका है, जिसमें उसे कामयाबी की उम्मीद है। इसके अलावा वह यूपीपीसीएस की मुख्य परीक्षा दी है, जिसमें अच्छे अंक हासिल हुए हैं। वह कहती है कि मंजिल को हासिल करने के लिए वह और अधिक कड़ी मेहनत करेगी। मेरिट में पहले नंबर पर आने पर परिवार में खुशी का माहौल है। बहन पिंकी नैन, प्रियंका नैन, सृष्टि नैन और भाई आर्यवीर ने खुशी मनाई। माता राजवती ने कहा कि उनके परिवार के लिए खुशी का दिन है।
सफलता की ओर नैन सिस्टर्स के कदम
बागपत। किसान देशपाल नैन और गृहणी राजवती के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। किसान ने अपनी चारों बेटियों को पढ़ाने और आगे बढ़ाने का फैसला किया। बड़ी बहन पिंकी की शादी हो चुकी है, जबकि प्रियंका नैन और प्रिंसी नैन सिविल सर्विस की तैयारी कर रही है। प्रिंसी कहती है कि बगैर परिवार के सहयोग के वह आगे नहीं बढ़ सकती। प्रथम स्थान मिलने पर खुशी है। उन्होंने कहा आईएएस बनकर लोगों की मदद करने का सपना है।
सिपाही की बेटी ने कर दिखाया कमाल
बागपत। आगरा में तैनात माल माजरा गांव के सिपाही विनय कुमार सोलंकी की बेटी पलक सोलंकी ने मेरिट में तीसरा स्थान हासिल किया। परिवार में खुशी का माहौल हैं। माता रावी सोलंकी और भाई आकाश सोलंकी ने भी खुशी जताई। पलक का परिवार वर्तमान समय में आगरा पुलिस लाइन में रहता है। पलक ने कहा पिता के सहयोग से पहले प्रयास में सफलता मिली है। उसका सपना आईपीएस बनकर लोगों की मदद करना है।