बागपत। बागपत के विधायक और भाजपा नेता योगेश धामा ने जिले के गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा से मुलाकात की । विधायक ने कहा कि राणा ने मलकपुर, किनौनी और मोदीनगर मिल पर किसानों का जल्द से जल्द सॉफ्ट लोन से भुगतान का भरोसा दिलाया। गन्ना किसानों की समस्याओं पर सरकार गंभीर है और गन्ना राज्यमंत्री ने कहा कि किसानों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
बागपत विधायक योगेश धामा ने बताया कि गन्ना राज्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सरकार की प्राथमिकता तीनों मिलों से बकाया गन्ना भुगतान कराना है। इन मिलों को सहकारी बैंक की ओर से सॉफ्ट लोन दिलाने की प्रक्रिया चल रही है, इसमें जो रुकावट हैं, मिल प्रबंधन पर दबाव बनाकर उनका समाधान तलाशा जा रहा है। सरकार इन मिलों पर लगातार दबाव बना रही है कि ये मिल अति शीघ्र खुद को प्रदेश सरकार के सॉफ्ट लोन देने के नियम में आकर लोन लेकर सौ प्रतिशत बकाया गन्ने का भुगतान करें। गन्ना मंत्री सुरेश राणा खुद अपनी देखरेख में यह कार्य करा रहे हैं। मिल मालिकों को जल्द लोन के लिए कागजात पूरे करने हेतु निर्देश दिए हैं। योगेश धामा ने बताया कि उम्मीद है कि जल्द बागपत के किसानों का गन्ने का भुगतान करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की अन्य समस्याओं का समाधान तलाशा जा रहा है। जो भी समस्या है, उसे जल्द से जल्द हल किया जाएगा।