बागपत। प्राथमिक विद्यालयों के लिए अंतर जनपदीय विद्यालयों से स्थानांतरण होकर आए शिक्षकों को जल्द पद स्थापन पत्र जारी किए जाएंगे। बुधवार को पत्र लेने के लिए शिक्षिकाओं का तांता लगा रहा।
जिले में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए दूसरे जनपदों से 115 शिक्षिकाओं का स्थानांतरण हुआ। 66 की काउंसिलिंग हो चुकी है, बाकी गणित और विज्ञान विषय के 49 शिक्षकों की काउंसिलिंग अभी तक भी नहीं हुई। प्राथमिक विद्यालयों के लिए आवेदन करने वाले शिक्षिकाओं के लिए जल्द पद स्थापना पत्र जारी होगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारी कर ली है, अभी डायट स्तर से थोड़ी बहुत कमी बाकी है। काउंसिलिंग समिति के पदाधिकारी जल्द उस कमी को भी पूरा करा लेंगे। बुधवार को पद स्थापन पत्र लेने के लिए बीएसए दफ्तर में तांता लगा रहा, लेकिन पत्र न मिलने के कारण उन्हें मायूस लौटना पड़ा। बीएसए चंद्रकेश सिंह यादव ने बताया कि पद स्थापना पत्र का कार्य लगभग पूरा हो गया है। डायट प्राचार्य के अभी हस्ताक्षर नहीं हो पाए हैं। इस कार्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा।