बागपत। जिला अस्पताल में गर्मी और पानी से मरीज उनके साथ तीमारदार बिलबिला रहे है। तीमारदार हैंडपंप से पानी की बोतल वार्ड में भर्ती रोगियों तक पहुंचा रहे हैं। यह समस्या एक सप्ताह से बनी है।
गर्मी बेतहाशा बढ़ रही है। घरों से बाहर निकालना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में जिला अस्पताल में बिजली और पानी की समस्या खड़ी हो गई है। जिस कारण भीषण शरीर झुलसा रही गर्मी से मरीज और तीमारदार बिलबिला गए हैं। जिला अस्पताल में दूसरी मंजिल पर बने जनरल वार्ड में गर्मी से हर कोई बेहाल है। जो पंखे छतों पर लगे वह गर्म हवा दें रहे और वहीं उनकी गति भी धीमी है। विद्युत कटौती होने पर वह भी बंद पड़े हैं। पानी का भी संकट है। पीने के पानी के लिए तीमारदार पल-पल में हैंडपंप से बोतल भरने के लिए जाते हैं। शौचालयों तक में पानी के लिए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोग डॉक्टरों से शिकायत करते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। अस्पताल डॉक्टर सब सही होने की दावे ठोक रहे हैं। मरीजों को झूठा बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाह का कहना है अस्पताल में कोई समस्या नहीं है। पानी के लिए नई मोटर लगवा दी है। लाइट जाने पर पांच-छह मिनट में जनरेट चलवा दिया जाता है। जो मरीज बयान देते हैं, वह झूठ बोलते हैं।
प्रभारी सीएमओ करेंगे जिला अस्पताल का निरीक्षण
प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भुजवीर सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में बिजली, पानी की समस्या है इसकी जानकारी नहीं है। फिर भी वह खुद जिला अस्पताल में पहुंचकर निरीक्षण करेंगे। समस्या जायज मिलती है तो तुरंत कार्रवाई के लिए आदेशित किया जाएगा।