बड़ौत (बागपत)।
मौसम परिवर्तन के चलते लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। इलाज के लिए मरीज लोग सीएचसी पर पहुंच रहे हैं, लेकिन सीएचसी से चिकित्सक गायब रहने पर मरीजों की मुश्किलें बढ़ रही है। सोमवार को भी सीएचसी पर इलाज कराने आए मरीजों को चिकित्सक नहीं मिले तो उन्होंने नाराज होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मरीजों का कहना था कि वायरल, डायफाइड, बुखार, जुकाम, उल्टी-दस्त आदि बीमारियों से ग्रस्त लोग सीएचसी में प्रतिदिन पहुंच रहे हैा। पहले घंटों लाइन मेेें खड़े होकर पर्ची बनवाते हैं, जब पचीं लेकर चिकित्सक के पास पहुंचते हैं तो चिकित्सक अपनी सीट पर नहीं मिलते हैं। इससे उनकी परेशान बढ़ जाती है। उन्होंने कहा सीएचसी में यदि चिकित्सक भी मिल जाते हैं तो खानापूर्ति के तहत मरीजों को देखकर उन्हें लौटा दिया जाता है, इससे लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकेश उपाध्याय ने कहा सीएचसी में मरीजों का सही ढंग से इलाज कराने का प्रयास किया जा रहा है। यदि कोई चिकित्सक ड्यूटी करने में लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ उच्चाधिकारियों को कार्रवाई के लिए संस्तुति भेज दी जाएगी। आक्रोश जताने वालों में सुनीता, उषा, अनीता, निकेता, बबली, सौरभ, विकास, दीपक, सुनील, प्रमोद, इमरान, जमील शामिल रहे।