बागपत। किसानों की समस्याओं को लेकर रालोद कार्यकर्ताओं ने डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि समस्याओं का समाधान होना चाहिए।
कलक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को रालोद कार्यकर्ता कार्यवाहक जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठना के नेतृत्व में एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि किसानों का 14 दिन में भुगतान नहीं हो रहा है। मिलों पर करोड़ों रुपये का बकाया है। सबसे अधिक मलकपुर मिल पर है। खेतों में सामान्य प्रजाति का गन्ना अधिकारी है, जिसको मिल नहीं ले रहा है। किसानों को परेशानी हो रही है और गन्ना सूखने लगा है। इस प्रजाति का गन्ना भी साथ खरीदा जाए। विद्युत निगम के एक अफसर ने नलकूपों का विद्युत भार बढ़ा दिया है। अन्य किसी भी जिले में ऐसा नहीं हुआ है। विद्युत पावर को वापस लिया जाए। ताकि किसानों को राहत मिल सके। वहीं जर्जर तारों से फसलें जल रही है और मवेशियों की मौत हो रही है। विभाग द्वारा कोई भी मुआवजा नहीं दिया जाता। ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी स्तर का बिल वसूला जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए। बड़ौत में डाक बंगले पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के अनावरण पत्थर को ठीक कराया जाए। इसमें जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना, युवा जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर, सतीश चौधरी, सोमपाल राठी, ओमबीर ढाका, पूर्व विधायक डॉ. अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल, गंगाराम, यशवीर सिंह, गौरव कुमार, रमेश त्यागी, कर्नल बह्म पाल सिंह तोमर, रामपाल धामा, ब्रजमोहन, जाकिर हुसैन आदि मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं की पुलिस कर्मियों से हुई नोकझोंक
डीएम दफ्तर में जैसे ही रालोद कार्यकर्ता जाने लगे तो उन्हें पुलिस कर्मियों ने रोक दिया। इसे लेकर कार्यकर्ता और पुलिस कर्मियों में नोकझोंक हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद डीएम ने आठ-दस कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधि मंडल को बुलाकर उनकी समस्या सुनी।