बागपत। बॉलीवुड फिल्म वीरे की वेडिंग में एक डांस नंबर में हट जा ताऊ पाच्छै न...गाने के इस्तेमाल को लेकर हरियाणवी गायक विकास कुमार ने बिग बॉस फेम रागिनी गायिका सपना चौधरी और बड़ौत की अभिनेत्री युविका चौधरी समेत 16 लोगों को कानूनी नोटिस भेजा है।
हरियाणवी कलाकार विकास कुमार की एलबम नया लिफाफा के गाने हट जा ताऊ...ने 2006 में देशभर में धूम मचा दी थी। बारह साल बाद यह गाना फिर चर्चाओं में आ गया है। वजह है बॉलीवुड की फिल्म वीरे की वेडिंग में सपना चौधरी का डांस नंबर। बिग बॉस में शिरकत कर चुकी सपना चौधरी वीरे की वेडिंग में हट जा ताऊ गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं। गाना देशभर में प्रसिद्ध हो चुका है। विकास कुमार का कहना है कि फिल्म में उनके गाने का मुखड़ा और पूरी धुन को प्रयोग कर लिया गया है। उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से फिल्म में रानी चौधरी का किरदार निभा रही बड़ौत की अभिनेत्री युविका चौधरी और सपना चौधरी समेत 16 लोगों को नोटिस भेजा है। विकास कुमार ने मुआवजे के तौर पर सात करोड़ रुपये की डिमांड की है। सेंसर बोर्ड को भी पत्र लिखा गया है।
इन लोगों को भेजा गया नोटिस
बागपत। सपना चौधरी, फिल्म के डायरेक्टर आशु त्रिखा, प्रोडयूसर रजत बख्शी, प्रमोद गुंबर, चंदन बख्शी, करण, अभिनेता पुलकित सम्राट, जिम्मी शेरगिल, सुप्रिया कार्निक, युविका चौधरी, पायल राजपूत, कीर्ति खरबंदा, देवेंद्र, सुनिधि चौहान और टी-सीरीज कंपनी को अपने अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेजा गया है। कलाकार विकास कुमार ने कहा कि वह कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उनके गाने को जिस तरह से प्रयोग किया गया है, वह गलत है।