बागपत। नैथला ग्राम पंचायत की 900 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा है। शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रधान दिनेश सिंह ने अपर आयुक्त जय शंकर दुबे से इसकी शिकायत की। उन्होंने डीएम को जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने तहसीलदार को श्रावस्ती मॉडल पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वैसे तो जिले के हर गांव में ग्राम पंचायत की जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा किया हुआ है। नैथला गांव में 900 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा है। प्रधान दिनेश सिंह जमीन को खाली कराने के लिए मंडलायुक्त से लेकर प्रमुख सचिव और जिला स्तर के हर अधिकारी से इसकी शिकायत कर चुके है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान दिनेश सिंह फिर अपर आयुक्त जय शंकर दुबे से मिले और ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे के बारे में अवगत कराया और बताया कि वह दर्जनों बार शिकायत कर चुके हैं, कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। आरोपियों द्वारा उन्हें धमकी दी जाती है। अपर आयुक्त ने डीएम ऋषिरेंद्र कुमार को जांच कराकर कार्रवाई करने और उन्हें भी इससे अवगत कराने के निर्देश दिए। प्रधान दिनेश सिंह शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को अपर आयुक्त के आदेश का पत्र दिखाया। इसके बाद डीएम ने तहसीलदार राज बहादुर सिंह को श्रावस्ती मॉडल के अंतर्गत कार्रवाई करने के लिए एंटी भूमाफिया टीम भेजने के निर्देश दिए।