बिनौली (बागपत)। ज्ञान सागर गुरुकुल, बरनावा में रविवार को उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास एवं आवास मंत्री मदन कौशिक पहुंचे, जहां पर उन्होंने बच्चों के ज्ञान को परखा और उनका हौसला बढ़ाया।
गुरुकुल पहुंचने पर बच्चों और कमेटी के सदस्यों ने उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का स्वागत किया। इस मौके पर बच्चों ने मंगलाचरण, स्वागत गीत के साथ मां की ममता, माता पिता और गुरु भक्ति से ओतप्रोत कविताएं प्रस्तुत की। धार्मिक भजन प्रस्तुत कर भावविभोर कर दिया। गुरुकुल के बच्चाें की प्रतिभा को देखकर मंत्री गदगद हो गए। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर व अंग्रेजी के अत्यधिक प्रचलन के बाद भी गुरुकुलीय शिक्षा वर्तमान परिवेश में सर्वश्रेष्ठ है। इस दौरान उन्होंने परिसर का भ्रमण कर व्यवस्था देखी तथा वंचितों को संस्कार और शिक्षा की समुचित व्यवस्था करने पर संस्थापक ब्रह्मचारी अतुल भैया को साधुवाद दिया। गुरुकुल कमेटी के पदाधिकारियों ने शाल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसमें डॉ. दिनेश बंसल, डॉ. अनुराग मित्तल, चंद्रकांत कुलश्रेष्ठ, राकेश जैन, श्रवण जैन, गौतम चंद जैन, नीरज कौशिक, विकास जैन, सचिन त्यागी, क्षितिज कुलश्रेष्ठ आदि रहे।