बड़ौत (बागपत)।
जिवाना गुलियान गांव निवासी जसवीर सिंह सोलंकी ने निदेशक राजस्व एवं विशिष्ठ अभिसूचना लखनऊ और कमिश्नर मेरठ को पत्र भेजकर कहा नगरीय क्षेत्र में बड़े पैमाने पर राशन और मिटटी तेल वितरण मेें धांधली की जा रही है। जिले स्तर पर शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही हैं। उन्होंने शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
सोलंकी ने भेजे पत्र में कहा जनपद के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र में मशीनों की मदद से खाद्यान्न और मिट्टी तेल का वितरण हो रहा है, लेकिन बड़े स्तर पर धांधली की जा रही है। शासनादेश के अनुसार मशीनों द्वारा वितरण अंगूठे द्वारा 80 प्रतिशत होना चाहिए, लेकिन इसके सापेक्ष में केवल अंगूठे द्वारा 48 प्रतिशत ही वितरण किया जा रहा है। बाकी 52 प्रतिशत खाद्यान और मिट्टी तेल का वितरण कार्ड नंबर मशीन में भरकर राशन की कालाबाजारी विभागीय अधिकारी और कोटेदार कर रहे हैं। उन्होंने कहा विभागीय अधिकारी प्रत्येक कोटेदार से 50 क्विंटल खाद्यान्न पर और मिट्टी तेल पर चार हजार रुपये प्रति माह वसूल रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।