बागपत। धीमी गति से मतदान होने के कारण वोटर घंटों तक लाइन में खड़े रहे। कर्मचारियों पर तेजी से साथ कार्य न करने का वोटरों ने आरोप लगाया। आधा से एक घंटे के बीच वोटर अपनी बारी का इंतजार देखते रहे। यह हाल एक या दो बूथ का नहीं बल्कि अधिकांश की यह स्थिति रही। जोनल मजिस्ट्रेट से मतदान में तेजी लगाने की वोटरों ने अपील भी की, जिस पर कोई ध्यान नहीं दिया। बूथों पर भीड़ को देखकर लोग उल्टे पांव होते रहे।
कर्मचारी पर बिना मर्जी के पर्ची पर मोहर लगाने का आरोप
बागपत। शहर के श्री यमुना इंटर कॉलेज में महिला वोटर ने हंगामा किया। महिला ने कहा बूथ नंबर छह पर तैनात एक कर्मचारी ने बिना उसकी मर्जी के चुनाव चिन्ह पर मोहर मार दी। इसका उसने विरोध किया । इसको लेकर उसके साथ पहुंचे कुछ लोगों ने भी हंगामा किया। चेयरमैन पद के एक प्रत्याशी से इसकी शिकायत। उन्होंने पुलिस कर्मियों को भी अवगत कराया। प्रत्याशियों के समर्थकों ने कहा इसकी शिकायत डीएम से करेंगे।
फर्जी एजेंट को मतदान केंद्र से खदेड़ा
बागपत। फर्जी एजेंट बताकर शहर के श्री यमुना इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पहुंचे एक युवक के साथ पुलिस कर्मियों की नोकझोंक हुई। फटकार लगा उसे मतदान केंद्र से भगा दिया। पुलिस कर्मियों का उग्र रूप देखकर युवक चुपचाप भाग गया। इसके बाद सख्ती से सभी एजेंटों की जांच पड़ताल की।
मतदान केंद्रों के बाहर लगी वाहनों की कतार
बागपत। मतदान केंद्रों के बाहर प्रशासन का रुख कमजोर नजर आया। प्रत्येक केंद्र के बाहर वाहनों की कतार लगी रही। समझाने के बाद भी वोटर बाइकों को खड़ी करके मतदान केंद्रों तक पहुंचे। इससे मतदान केंद्र के बाहर वाहनों की कतार लगी रही। प्रशासन के वाहन केंद्रों के बाहर खड़ा होने से वोटरों को भी परेशानी हुई।
एजेंट बनने के लिए ढूंढते रहे आरओ-एआरओ को
बागपत। मतदान शुरू होने से पहले अध्यक्ष और सभासद प्रत्याशियों के समर्थक एजेंट बनने के लिए आरओ और एआरओ को खोजते रहे। अफसर के मिलने पर अभिकर्ता बनाएं गए हैं। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्रों से 100-200 मीटर के दायरे में बस्ते लगाकर वोटर पर्चियां बनाई।
वोटरों का इंतजार देखकर बस्ते पर बैठे एजेंट
बागपत। नगर पंचायत और नगर पालिका अध्यक्ष और सभासद के लिए मतदान केंद्रों के बाहर एजेंट के बस्ते लगे। कुछ पर पर्ची बनवाने के लिए वोटरों की भीड़ रही। कुछ पर एजेंट मतदाताओं का इंतजार देखते रहे। शहर के सभी मतदान केंद्रों के बाहर यह ही हाल रहा।
आदेश के बाद भी खुली रही दुकानें
बागपत। डीएम ने नगर पंचायत और नगर पालिका क्षेत्रों में दुकान बंद करने के निर्देश दिए , लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में दुकानें पूर्व की भांति खुली रही। किसी भी कर्मचारी ने उन्हें बंद करवाने का प्रयास नहीं किया। दुकानें से लोगों ने खरीददारी की।