ऐसे कैसे निर्मल होगी हिंडन
बागपत।
निर्मल हिंडन अभियान में अफसर दिलचस्पी नहीं ले रहे है। इस बात का खुलासा मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार द्वारा ली गई समीक्षा बैठक में हुआ। सामने आया कि न तो नदी के किनारों का आज तक चिन्हांकन किया गया और न ही अभियान चलाकर पौधे रोपे गए। मंडलायुक्त ने इस पर नाराजगी जाहिर की है।
हिंडन नदी के किनारों पर पौधारोपण अभियान भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। वन महोत्सव नहीं मनाया गया। निर्मल हिंडन समितियों का गठन तक नहीं किया गया है। नदी की भूमि का सीमांकन और अतिक्रमण का चिन्हांकन भी नहीं किया गया है। इस पर मेरठ में समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। सभी बिंदुओं पर कार्य करते हुए इसकी आख्या मंडलायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिंडन को स्वच्छ और अविरल बनाने के लिए गाइडलाइन के अनुसार कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस अभियान में किसी भी स्तर से लापरवाही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक से लौटी सीडीओ चांदनी सिंह ने बताया कि अभियान के तहत हिंडन को स्वच्छ बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।
हिंडन की स्वच्छता के लिए बनाया कोष
हिंडन को साफ-सुथरा बनाने के लिए मंडलायुक्त ने निर्मल हिंडन कोष बनाया है, जिसमें सामाजिक संगठन और लोगों से ज्यादा से ज्यादा धनराशि जुटाने के निर्देश मंडलायुक्त ने दिए हैं। इसके अलावा अफसरों को भी कोष में एक दिन का वेतन देकर सहयोग का आह्वान किया गया है।