यूपी-हरियाणा बार्डर पूरी तरह बंद, रात और दिन में भी रही जाम की स्थिति
फोटो : 11
बागपत। गौरीपुर मोड़ पर जाम लोगों के लिए नासूर बन गया है। बरसात होते ही यहां जाम की समस्या बढ़ जाती है। बुधवार को करीब 11 किमी लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। मंगलवार की रात से बुधवार दोपहर तक रूक-रूककर जाम की स्थिति बनीं रही। इससे यूपी-हरियाणा राज्य की सीमा बंद हो गई। इस कारण लोगों ने परेशानी झेली।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गौरीपुर मोड़ पर गहरे-गहरे गड्ढ़े हैं। मंगलवार को शाम के समय बारिश होने के कारण गड्ढों में पानी भर गया और वहां पर कीचड़ बन गया। इससे वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। धीरे-धीरे जाम लगना शुरू हो गया। मंगलवार शाम बारिश होने के बाद से ही यहां जाम लगना शुरू हो गया था, जो बुधवार दोपहर तक रूक-रूककर जाम की स्थिति बनी रही। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और गौरीपुर-बहालगढ़ मार्ग पर करीब 11 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। वाहनों में सवार यात्री समय से अपने घर पर नहीं पहुंचे। ड्यूटी करने वाले लोग भी समय से अपने दफ्तर में नहीं पहुंच सकें। दोनों राज्यों की पुलिस जाम खुलवाने में लगी रही। इस दौरान उनकी वाहन सवारों से खूब नोकझोंक हुई। निवाड़ा चौकी प्रभारी निरंजन सिरोही ने कहा जाम का कारण निवाड़ा मोड़ के गड्ढे हैं। वाहनों की दस किलो मीटर तक लंबी लाइन लग गई थी। बड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया गया।
दुपहिया वाहन सवारों को दिक्कत
गौरीपुर मोड़ से गुजरने में सबसे ज्यादा दुपहिया वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग तो अपने वाहन के साथ गड्ढों में भी गिर गए।
यहां रूट करना पड़ा डायवर्ट
मार्ग पर गड्ढे और जाम से बचने के लिए हल्के वाहन निवाड़ा और नैथला गांव के रास्ते गुजर रहे हैं। पुलिस ने बागपत के राष्ट्रवंदना चौक और बड़ौत में पुलिस चौकी से वाहनों को सराय के रास्ते वाहन डायवर्ट किए।
मंत्री जी ने कहा था कि टी-प्वाइंट बनवाओ
पिछले दिनों जिले के प्रभारी मंत्री एसपी सिंह बघेल और सांसद सत्यपाल सिंह भी इस जाम में फंस गए थे। मंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिए थे कि गौरीपुर मोड़ पर टी-प्वाइंट का सही तरीके से निर्माण होना चाहिए, ताकि यहां वाहन न रुकें और लोगों की समस्या से निजात मिल सकें, लेकिन ऐसा नहीं हो सका है।