चीनी मिलें नहीं कर रही गन्ने का भुगतान
दोघट। कस्बा टीकरी गन्ना समस्या को लेकर किसानों की बैठक हुई। जिसमें बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। चेतावनी दी कि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना शुरू कर देंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए रामपाल सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों को वादा किया था कि चीनी मिलों को हरहाल में 14 दिन के अंदर गन्ने का भुगतान कराना होगा, नहीं तो किसानों को ब्याज समेत भुगतान दिया जाएगा, लेकिन सरकार वादे पर खरी नहीं उतरी। अधिकांश मिलों ने समय पर गन्ने का भुगतान नहीं किया। किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। किसान के गन्ने की फसल मिल में जा चुकी है। भुगतान के लिए किसान मिलों की तरफ देख रहा है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान धरना शुरू कर देंगे। इस मौके पर राजेंद्र, मुकेश, नफीस, तहसीम, जयपाल, सुरेश, तेजपाल, जयसिंह, जग्गू आदि मौजूद रहे।