खेकड़ा (बागपत)।
बीडीओ खेकड़ा ने नगर में स्थित जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में पहुंचकर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाली छात्राओं की उपस्थिति की जांच की। छात्रवृत्ति की जांच शुरू होते ही क्षेत्र के निजी कॉलेजों के संचालकों में हड़कंप मच गया है।
शनिवार को बीडीओ संदीप पाल छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाली छात्राओं की जांच करने के लिए टीम के साथ जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में छात्राओं की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने बताया कि कॉलेज में छात्रवृत्तियों में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए शासन द्वारा इसकी जांच के लिए जांच समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा जांच कराकर शासन छात्रवृत्ति वितरण में पारदर्शिता लाने के प्रयास में जुटा है। खेकड़ा नगर क्षेत्र के कालेजों की छात्रवृत्ति की जांच की कमान बीडीओ संदीप पाल को दी है। बीडीओ ने जांच करने के दौरान छात्रवृत्ति का आवेदन करने वाली सभी छात्राएं उपस्थित रही। बीडीओ ने बताया कि छात्रवृत्ति के फार्म ऑनलाइन भरे गए है। फार्म में छात्राओं की बैंक पासबुक की फोटो कापी लगाई गई है। किसी अन्य की बैंक पासबुक की फोटो कापी लगाने पर छात्रवृत्ति बिल्कुल नहीं मिलेगी। जिन कॉलेजों में संख्या घटाई या बढ़ाई गई है उनकी जांच की जाएगी। यदि किसी कॉलेज में छात्रवृत्ति में कोई भी अनियमितता पायी जाती है तो उक्त कॉलेज के संचालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा। साथ ही कॉलेज की मान्यता भी रद करने के लिए विश्वविद्यालय को अवगत कराया जाएगा।