बड़ौत (बागपत)। सड़क किनारे लगे गन्ना क्रय केन्द्र के कारण शनिवार को बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग एक घंटे तक अवरुद्ध रहा। इस दौरान सैकड़ों लोग जाम में फंसे रहे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसको लेकर लोगों ने हंगामा किया। बाद में किसी तरह जाम खुला, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
क्षेत्र की मलकपुर, भैसाना, किनौनी, दौराला और रमाला चीनी मिल के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा किसानों व राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। मिल चलने से पूर्व क्षेत्र के किसानों ने सड़क से करीब 200-300 मीटर अंदर गन्ना क्रय केंद्र लगवाने की मांग की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। नतीजतन सड़क किनारे लगे इन सभी चीनी मिलों के गन्ना क्रय केंद्र आए दिन जाम का सबब बनने लगे हैं। शनिवार को भी बिजरौल गांव के पास सड़क किनारे लगे मलकपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र के चलते बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग करीब एक घंटे अवरुद्ध रहा। इस दौरान सैकड़ों वाहन चालक जाम में फंस गए। वहीं किसान भी ट्रैक्टर ट्राली और भैंसा बुग्गी में गन्ना लेकर क्रय केंद्र पर पहुंचे गए, लेकिन तौल लिपिक न आने से सड़क पर ही लोगों को खड़ा रहना पड़ा। लोगों ने जाम की सूचना पुलिस को दी लेकिन सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। आक्रोशित किसानों ने मिल प्रशासन व पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान सुधीर, कुलदीप, जवेंद्र, चरण सिंह, भोपाल, अशोक, राजवीर, प्रमोद, अंकुर, सुदेश, प्रेमपाल, सुखवीर मौजूद रहे।