बागपत। प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में मिड-डे मील महिला कर्मी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें मानदेय न बढ़ाने को लेकर शासन, प्रशासन और सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया। साथ ही सोमवार से काली पट्टी बांधकर कार्य कर विरोध व्यक्त करने का निर्णय लिया।
मिड-डे मील का खाना बनाने के लिए प्राथमिक विद्यालयों में महिला रसोइयां कार्यरत हैं। इनको कार्य के बदले बहुत कम मानदेय दिया जाता है, इससे उनके परिवार का पालन पोषण नहीं होता है। कई साल से रसोइयां सरकार से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बैठक के दौरान निर्णय लिया कि मांगों को ज्ञान मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। इसमें 15 हजार रुपये मानदेय, खाते में वेतन, दो बार किचन रेस्ट की मांग मुख्य है। उन्होंने कहा कि जो मानदेय मिल रहा बेहद कम है। इसके विरोध में सोमवार को काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों से मानदेय बढ़ाने की मांग होगी। लखनऊ में भी जाकर धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें एसोसिएशन की अध्यक्ष अमित देवी, सीमा, ममता, अनीता, कुसुम, कविता, रेखा, नीलम, मंजू, अमरेश, उमा, रीना, अमीता, समीना, सुशील आदि मौजूद रही।