कांवड़ मेले में ढाई हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
बागपत। कांवड़ मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए ढाई हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। दूसरे जिलों से फोर्स जिले में पहुंच गई है। पुरा महादेव मंदिर पर स्थाई बेरिकेटिंग कराई जा रही है। कांवड़ मार्गों पर पुलिस द्वारा जागरूकता होर्डिंग लगाए जा रहे हैं।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवडिय़ों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। सात अगस्त से पुरा महादेव मंदिर पर जलाभिषेक करने वाले शिवभक्तों का आना शुरू हो जाएगा। पुरा महादेव मंदिर पर इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले ज्यादा संख्या में शिवभक्त पहुंचने की उम्मीद है। कांवड़ मेले को शांति पूर्व कंपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुरा महादेव मंदिर पर ढाई हजार पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एसपी के अलावा चार एएसपी, 10 सीओ, 38 इंस्पेक्टर, 255 दरोगा, एक हजार आरक्षी, 80 महिला कांस्टेबल, 500 होमगार्ड, 14 फायर मैन, चार कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएफ, फायर बिग्रेड की चार गाडिय़ां, दो पलाटून बाढ नियंत्रण दस्ता आवंटित किया गया है। पुरा महादेव मंदिर पर स्थाई बेरिकेटिंग कराई जा रही है। किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।
-----------------
इस तरह मंदिर तक आएंगे कांवड़िए
बागपत। इस बार मंदिर के आसपास कांवडिय़ों को नहीं रुकने दिया जाएगा। बुढ़सैनी की ओर से आने वाले कांवड़ियों के लिए अलग और मेरठ मार्ग की तरफ से आने वाले कांवडिय़ों के लिए अलग लाइन लगाई जाएगी। मंदिर में जाकर दोनों लाइनें एक हो जाएगी। मंदिर के गर्भास्य में शिव लिंग पर जलाभिषेक कर कांवडिय़ां मुख्य द्वारा बाहर निकलेंगे और बाजार में खरीदारी कर वापस लौटेंगे। डांक काविडय़ों के लिए भी व्यवस्था की गई है। पुरा गांव से बाहर ही डांक काविडय़ों के वाहनों को रोका जाएगा। अमीनगर सराय वाले रोड से वाहनों को निकाला जाएगा। डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा से गल्हैता तक वन क्षेत्र से गुजरने वाले रास्ते को ठीक कराया जा रहा है।
-----------------
शेखपुरा में खोली अस्थायी पुलिस चौकी
बागपत। शेखपुरा कब्रिस्तान के पास अस्थाई पुलिस चौकी खोली गई है। जंगल में हिंडन नदी की तरफ भी बैरिकेटिंग कराई जाएगी। ताकि कोई कांवडिय़ां नदी की तरफ न जाए। जिले में कांवड़ मार्गो पर पुलिस ने जागरूकता होर्डिंग लगवाने का काम शुरू कर दिया है। होर्डिंग पर रूट डायवर्ट, दुर्घटना क्षेत्रों के बारे में लिखा होगा।