दोघट (बागपत)। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर भड़ल के पास कैंटर पलटने से छह घंटे जाम रहा। हादसे में कैंटर चालक और परिचालक घायल हो गए। पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला। इसके चलते जाम में फंसे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने कैंटर को मार्ग से हटवाकर जाम खुलवाया।
बृहस्पतिवार सुबह साढ़े छह बजे के लगभग बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर भड़ल गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राली को बचाने के चक्कर में कैंटर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। इससे मार्ग पर जाम लग गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे में शाहजहांपुर जनपद के नारायणपुर निवासी कैंटर चालक अनुज और परिचालक राजेश घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस पहुंची और रूट डायवर्ट कर वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला। भारी बारिश के कारण जाम में फंसे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने साढ़े 11 बजे कैंटर को सड़क से हटवाया। तब जाकर छह घंटे बाद जाम खुल सका। पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा। धनौरा से गैडबरा जाने वाले रास्ते से वाहनों को निकाला गया। इससे लोगों को परेशानियां उठानी पड़ी।