बागपत। ग्रामीण क्षेत्र में कटिया डालकर होने वाली विद्युत चोरी को रोकने के लिए विद्युत निगम की ओर से एबीसी (एयर बंच केबल) लगवाया जाएगा। विद्युत निगम ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्राइवेट कंपनी को इसका टेंडर दिया जा चुका है। इसी माह गांवों में तारों को बदलने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
विद्युत निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने के लिए तैयारी की। इसके लिए तीन तारों वाली लाइन को हटवाकर वहां पर एक एबीसी (एयर बंच केबल) लगवाया जाएगा। इससे गांवों में बिजली की चोरी काफी हद तक रुक जाएगी। विद्युत की ओर से जिले के 315 गांव और उनके मजरे में एबीसी केबल बिछाने का कार्य इसी माह शुरू हो जाएगा। एक प्राइवेट कंपनी को इसकी जिम्मेदारी दी। अधीक्षण अभियंता रामबीर सिंह ने कहा कि एबीसी केबल डालने का कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली बिजली चोरी पर काबू पाया जा सकेगा। जिस कंपनी को इसकी जिम्मेदारी दी, उसे मार्च 2019 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया।
घर गांव में बिजली पहुंचाने का भी है लक्ष्य
एसई रामबीर सिंह ने बताया विद्युत निगम यह एबीसी केबल बदलने का एक लक्ष्य प्रत्येक गांवों में बिजली पहुंचना भी है। प्रत्येक गांव में बिजली पहुंचाने के लिए पावर फुल रोल अभियान चलाया जाएगा। लोगों को योजना के तहत सस्ते दर पर कनेक्शन वितरित किए जा रहे हैं।