दोघट (बागपत)।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल ने कहा कि चौगामा नहर में कई किसानों को भूमि का उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। नहर का निर्माण भी पूरा होगा। उन्होंने कहा कि बढ़े बिजली के दामों को कम करने पर भी सरकार विचार कर रही है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने आजमपुर मुलसम में शिव मंदिर, नंगला कनवाड़ा में प्रधान मांगेराम आर्य, झूंडपुर, तवेला गढ़ी आदि गांवों में लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बकाया गन्ना भुगतान दिलाने, बिजली के दामों में की गई बढ़ोत्तरी को वापस लेने, चौगामा नहर का निर्माण पूरा कराकर पानी छोड़ने आदि समस्याओं से अवगत कराया। डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र का विकास सड़कों से नहीं, बच्चों को पढ़ाने से होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार बिजली के दामों को कम करने पर विचार कर रही है। चौगामा नहर का निर्माण पूरा कराकर पानी छुड़वाया जाएगा। नहर में गई किसानों की भूमि का उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों को सरकार ने सख्त निर्देश दे रखे हैं कि बकाया गन्ना भुगतान नहीं रहना चाहिए। मलकपुर चीनी मिल ने पिछले सत्र का भुगतान कर दिया है। इस सत्र का भुगतान शुरू कराया जाएगा। उन्होंने नंगला कनवाड़ा में सांसद निधि से बनाई सड़क का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर सतेंद्र तुगाना, सुबोध सिंह, ओमकार सिंह, विक्रम राणा, कृष्णपाल, मास्टर सत्यपाल, मांगेराम आर्य, महेश सिंह, लक्ष्मण सिंह, रामपाल सिंह, इकबाल सिंह, देवेंद्र, कटार सिंह, प्रेमिल सिंह, रमेश चंद आर्य, सोहन लाल, अरुण धामा, कर्मवीर सिंह, मास्टर चुन्नी लाल, मास्टर महेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, ब्रहम देव, गुलबीर सिंह, जयपाल कश्यप, राजपाल सिंह आदि रहे।