बाइक बचाने के चक्कर में
ट्रैक्टर खाई में पलटा
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कलक्ट्रेट के पास बाइक सवार तीन युवकों की जान बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया। इससे ट्रैक्टर खाई में पलट गया। जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को खाई से निकाला गया।
सिसाना निवासी मन्नू चौहान ट्रैक्टर-ट्राली लेकर बड़ौत की ओर से शुक्रवार दोपहर अपने घर जा रहा था। मन्नू के मुताबिक जैसे ही ट्रैक्टर कलक्ट्रेट के पास पहुंचा तभी बागपत की ओर से बाइक पर सवार होकर तीन युवक आ रहे थे। उसकी बाइक की स्पीड अधिक थी। बाइक बचाने के चक्कर वह अपने ट्रैक्टर को लेकर खाई में कूद गया। यदि ट्रैक्टर खाई में लेकर न कूदता तो बाइक सवार युवकों की जान जा सकती थी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। बाद में जेसीबी मंगवाई गई। उससे ट्रैक्टर को खाई से निकाला गया। इस दौरान मार्ग पर जाम लग गया था। इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित किस्तु ज्योति कॉवेंट हाईस्कूल के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार आसिफ और आस मोहम्मद निवासी पुराना कस्बा घायल हो गए। राहगीरों ने उनका निजि चिकित्सक से इलाज कराया। आरोपी चालक कार को लेकर फरार हो गया।