कांवड़ियों की सेवा कर दी भाईचारे की मिसाल
दाहा। कांवड़ियों की सेवा में मुस्लिम समाज के लोग भी जुटे हैं। बरनावा गांव में प्रधान जरीफ के नेतृत्व में मुस्लिमों ने फलों का वितरण किया और कांवड़ियों के पैरों के छालों पर दवा लगाई।
कांवड़ शिविरों में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल भी पेश की जा रही है। मुस्लिम समाज के लोग बढ़-चढ़कर शिविरों में पहुंच रहे हैं। बुधवार को बरनावा के प्रधान हाजी जरीफ कांवड़ियों की सेवा के लिए मार्गों पर घूमे। जरूरत का सामान वितरित किया। खड़ी कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों की कांवड़ को लेकर खड़े रहे। पैरों के छालों पर मरहम पटाई कराई। अहसान कुरैशी, शानू कुरैशी, जमील चौधरी, रफीक, मुकीम, सलीम, सिराज मौजूद रहे। वहीं, शिव कांवड़ सेवा शिविर में डॉ. बाबू खान कांवड़ियों की सेवा में लगे हुए हैं।
मुस्लिमों ने बांटे शिव भक्तों को फल
बड़ौत। नगर की फूंसवाली मस्जिद के पास बुधवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल कायम करते हुए शिवभक्त कांवड़ियों को फल वितरित किए। कांवड़ियों को फल, जूस, पानी, दवाइयां निशुल्क वितरित की। भाजपा नेता डॉ. पुष्पेंद्र तोमर, हाजी जमीरूदीन अब्बासी, इसरार खान, हारूण, आरिफ, इस्लामुदीन, शकील, रिजवान, हाजी मेहरबान, यूसुफ प्रधान, खालिद, दानिश शामिल रहे।