बागपत। वाहन दुर्घटनाओं के लिए काफी हद तक सड़कों के गड्ढे भी प्रमुख कारण हैं। इसलिए अब लोक निर्माण विभाग ने जिले में 107 संपर्क मार्गों की सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इन सड़कों के गड्ढा मुक्त होने से लाखों लोगों को सुविधा होगी।
बागपत में 107 संपर्क मार्गों की 311 किलो मीटर की सड़कों में जगह-जगह गड्ढे हो रहे है। इन सड़कों पर सफर करना किसी जोख्मि से कम नहीं है। गड्ढों के कारण सड़क दुर्घटना होने से कई बार लोगों की जान चली जाती है। कई सड़कें में तो इतने गड्ढे हैं कि यही पता नहीं चलता कि सड़क में गड्ढें हैं या गड्ढों में सड़क। गड्ढों के कारण वाहन खराब होते रहते हैं और मिनटों का सफर तय करने में काफी समय लग जाता है। इसलिए लोक निर्माण विभाग ने संपर्क मार्गों की 311 किमी सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने के लिए शासन को दो करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रस्ताव भेजा था। अब बजट की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अतुल कुमार ने बताया कि इन सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने के लिए निविदा की प्रक्रिया शुरू करा दी है। निविदा छूटते ही सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने का कार्य शुरू कराया जाएगा। जल्द बजट मिलने की उम्मीद है।