बड़ौत (बागपत)।
मुख्य रास्ते के निर्माण को लेकर गुराना गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, क्योंकि कुछ दिन पहले गांव के कुछ लोगों ने निर्माण कार्य मेें जुटे मजदूरों को भाग दिया। समस्या को लेकर मंगलवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने पहलेे ब्लाक मुख्यालय में हंगामा किया। बाद में बीडीओ के न मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसील पर प्रदर्शन। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर चेतावनी दी कि यदि जल्द मार्ग का निर्माण शुरू नहीं कराया तो ग्रामीण तहसील पर धरना शुरू कर देगें।
ग्रामीणों ने कहा गांव ब्लाक मुख्यालय बड़ौत में है। गांव मेें इस समय विकास कार्यों के अंतर्गत मुख्य रास्ते का निर्माण कालू के खेत से गुड्डू शर्मा के मकान तक किया जा रहा है, लेकिन गांव के कुछ लोग मार्ग निर्माण मेें बाधा डाल रहे हैं। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो बीडीओ प्रेमचंद ध्यान दे रहे हैं और न ही प्रशासनिक अधिकारी। बीडीओ के न मिलने पर ग्रामीण तहसील पहुंचे और प्रदर्शन कर एसडीएम आशीष कुमार को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर कार्य शुरू कराने की मांग की। साथ ही मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बीडीओ प्रेमचंद ने कहा शिकायत मिली है, लेकिन पुलिस प्रशासन सहयोग नहीं कर रहा है।
एसडीएम आशीष कुमार का कहना था कि मुख्य रास्ते के निर्माण मेें कुछ लोगों द्वारा बाधा डालने की शिकायत मिली है, पुलिस को इस संबंध में आदेशित किया है। जल्द ही मुख्य रास्ते का निर्माणा कार्य पूरा कराया जाएगा। प्रदर्शन में नाहर सिंह, हरेंद्र, रविंद्र, गूड्डू, यशवीर, धर्मपाल, छोटूराम, वीरेंद्र सिंह, सुरेश, सचिन, जय सिंह आदि रहे।