बागपत। इंडोनेशिया के जकार्ता में एशियाई खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम का एलान किया। अकेले बागपत के तीन निशानेबाज चुनौती पेश करेंगे। सीनियर राइफल थ्री पोजीशन के लिए अखिल श्योराण, पिस्टल में सौरभ चौधरी और महिला ट्रेप शूटिंग में सीमा तोमर का चयन हुआ । इसके अलावा एयरफोर्स की ओर से खेलने वाले मेरठ के रवि कुमार भी चुनौती पेश करेंगे।
इंडोनेशिया में 18 अगस्त से एशियाई खेलों की शुरूआत होगी। बागपत के तीन निशानेबाजों को भारतीय टीम में स्थान मिला है। पुरुष वर्ग की सीनियर राइफल थ्री पोजीशन में संजीव राजपूत के साथ अंगदपुर जौहड़ी गांव के निशानेबाज अखिल श्योराण का चयन हुआ है। किसान के बेटे अखिल के चयन से गांव में खुशी का माहौल है। जर्मनी के सुहल में आयोजित जूनियर विश्व कप में पिस्टल से दो स्वर्ण पदक जीतने वाले वीर शाहमल रायफल क्लब बिनौली में प्रशिक्षण लेने वाले शूटर सौरभ चौधरी का चयन भी हो गया है। सौरभ चौधरी मूल रूप से मेरठ के कलीना गांव के रहने वाले हैं और बागपत में अभ्यास करते हैं। सौरभ के कोच अमित श्योराण ने बताया कि विश्व कप में अच्छे प्रदर्शन के बाद चयन की पूरी उम्मीद थी।
महिला ट्रेप में देश की दिग्गज शूटर श्रेयसी सिंह के साथ बागपत के अंगदपुर जौहड़ी गांव की नामचीन निशानेबाज सीमा तोमर का चयन भी एशियाई खेलों के लिए हो गया है। तीन खिलाड़ियों के चयन सिंह जिले में खुशी का माहौल है। उधर, मेरठ के रवि कुमार का चयन भी इन खेलों के लिए हुआ है।
संदीप तोमर का चयन, नितिन की उम्मीद
बागपत। कुश्ती में मलकपुर गांव के पहलवान संदीप तोमर का चयन जकार्ता में आयोजित होने वाले खेलों के लिए हो चुका है। इसके अलावा कबड्डी में मलकपुर गांव के ही नितिन तोमर का चयन होने की पूरी उम्मीद है।