बड़ौत (बागपत)। बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को छछरपुर गांव के किसानों ने मिल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद मेें तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को काफी संख्या मेें किसान ग्राम प्रधान एडवोकेट अनिल कुमार के नेतृत्व में एकत्रित हुए और मिल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने कहा जनपद के किसानों की मुख्य फसल गन्ना है। इसलिए किसान अत्यधिक मात्रा में गन्ने की फसल का उत्पादन करते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की मलकपुर चीनी मिल पर सैकड़ों गांव के हजारों किसानों का गन्ना पेराई सत्र के दौरान जाता है, लेकिन मिल प्रशासन पिछले कई साल से क्षेत्र के किसानों का गन्ना भुगतान नहीं कर रहे हैं।
पिछले सत्र का ही मिल पर क्षेत्र के किसानों का काफी बकाया है। अब पेराई सत्र समाप्ति की ओर है, लेकिन भुगतान नहीं दिया। इससे क्षेत्र के किसानों का आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। इसके बाद भी न तो मिल प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही जिला प्रशासन। बाद में सभी एकत्रित होकर एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी से मिले और ज्ञापन देकर बकाया गन्ना भुगतान दिलाने की मांग की। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने कहा मिल प्रशासन पर लगातार बकाया गन्ना भुगतान दिलाने का दबाव बनाया जा रहा है। जल्द ही किसानों को बकाया गन्ना भुगतान दिलाया जाएगा। इनमें पूर्व प्रधान महिपाल, राजेंद्र, अनिल, सुरेंद्र, हरपाल, सुखवीर, वेदपाल, महक सिंह, सुनील, जोगेंद्र, प्रदीप, सोहन पाल आदि रहे।