बागपत। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से यूपी और केेंद्र में विकास की रफ्तार तेज हो गई है। भ्रष्टाचार खत्म होने लगा है। कैराना में भाजपा की जीत होगी।
रविवार की रात में केंद्रीय राज्यमंत्री ने खेड़ा हटाना गांव में रात्रि विश्राम किया। सोमवार को वह यहां से बासौली पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार में क्षेत्रों में विकास कराए है। रमाला का विस्तारीकरण कर किसानों को लाभ दिया है। इससे सैकड़ों किसानों को फायदा पहुंचेगा। गांवों के विकास के लिए मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना संचालित किया है। इसमें ऐसे गांवों का चयन किया है, जिनमें कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ। श्यामा प्रसाद रूर्बन मिशन योजना के तहत छपरौली क्षेत्र के आठ गांवों को चुनाव है। इसमें बड़े-बड़े प्रोजेक्ट बनेंगे। इसका लाभ गांवों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी पहुंचेगा। जितने विकास कार्य भाजपा सरकार के बनने से क्षेत्र में हुए हैं, उतने कार्य पूर्व की सरकार में नहीं हुए हैं। सभी कार्य ऑनलाइन कराकर भ्रष्टाचार को खत्म किया है। इसका लाभ सीधे आम जन को पहुंच रहा है। सरकार और आम जनों के बीच से बिचौलियों को खत्म किया गया है। उन्होंने बताया कि खेड़ा इस्लामपुर, खेड़ा हटाना में बाड़ के दौरान होने वाले भूमि कटान को देखते हुए ठोकरों के लिए बजट स्वीकृत कराया है।
आज इन गांवों में जाएंगे केंद्रीय राज्यमंत्री
केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह मंगलवार को फजलपुर, बड़ौत, गोठरा, घिटौरा, अहमदनगर, विनयपुर, डगरपुर, रटौल में जनसमस्याएं सुनेंगे।
इनसेट
बाढ़ से बचाने के लिए बनेंगी ठोकर
बागपत। गांव टांडा और कुर्डी में बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए तीन शंकों (ठोकर) का निर्माण कराने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ सत्यपाल सिंह ने बजट स्वीकृत कराया है। सिंचाई विभाग को कार्य पूर्ण करने के लिए तत्काल निर्देश दिए हैं। गांव खेड़ा इस्लामपुर एवं खेड़ा हटाना में यमुना नदी से हो रहे कटान को रोकने के लिए बड़ी परियोजना बनाई गई हैं। इसमें पत्थरों की ठोकरों को बनाया जाएगा।