दोघट (बागपत)। पुसार-गांगनौली मार्ग की कच्ची पटरियां खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे बनवाने की मांग को लेकर क्षेत्र के युवाओं ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना शुरू कर देंगे।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा पुसार-दोघट-गांगनौली-बराल मार्ग की सड़क को बने तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन सड़क की दोनों साइडें कच्ची होने के कारण उसमें बरसात के बाद से गहरे गड्ढे बने हैं। इनमें आए दिन वाहनों को फंसकर नुकसान उठाना पड़ रहा है। उक्त संपर्क मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। इनमें जाने के लिए यही मुख्य रास्ता है। पिछले तीन साल से सड़क तो बन गई है, लेकिन सड़क के दोनों और कच्चा होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार इस मार्ग पर हादसे हो चुके हैं। दुपहिया वाहन चालक अधिक इसके शिकार बन रहे हैं। उन्होंने कहा सड़क की दोनों तरफ की पटरियों पर ईंटें लगवाई जाए। चेतावनी दी कि यदि दो सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं कराया तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे। इस में शेखर कुमार, अजय कुमार, सौरभ, निकेतन, परवेज, शुभम, सचिन, कुलदीप, अंकित, मनीष कुमार, लोकेश, सुनील, रोहित, आरिफ, निकुल, मोनू, मोहसिन, राहुल, शिवा, विनीत आदि रहे।