बीडीओ ने शौचालयों के निर्माण की जांच की
बड़ौत (बागपत)। कुरडी गांव में बुधवार देर शाम खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद ने शौचालयों के निर्माण और उनकी गुणवत्ता की जांच की। इसके साथ ही गांव में मनरेगा योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इस पर बीडीओ ने उससे स्पष्टीकरण मांगा।
बीडीओ के गांव पहुंचने की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीडीओ के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। गांव की कुछ महिलाओं ने विधवा पेंशन न मिलने की शिकायत की। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के लिए आवास निर्माण की मांग की। गांव में प्रकाश व्यवस्था कराने और लाभार्थियों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की। बीडीओ ने इन समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन दिया।