बड़ौत (बागपत)।
किरठल गांव के आदर्श शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में स्वर्ण जयंती समारोह उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने संस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा।
कार्यक्रम का शुभारंभ छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने किया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की गई। प्रधानाचार्य भरत सिंह तोमर ने विधायक स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विधायक ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए बताया कि देश में जितने भी बड़े नाम हुए है, आपकी तरह की विद्यार्थी रहे हैं। वे कठिन परिश्रम करके ही महान बने है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह पर बोलते हुए कहा कि वे एक गरीब परिवार से होने के बावजूद देश के प्रधानमंत्री बने। विधायक ने बेटियों की शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया और अभिभावकों से बेटियों को ज्यादा से ज्यादा पढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कल्पना चावला ने महिला होने के बावजूद देश का नाम रोशन किया। अध्यक्षता समिति चेयरमैन एसके सिंह ने की व संचालन महीपाल सिंह ने किया। इसमें डॉ. अनिल डबास, आजाद सिंह, सुरेंद्र सिंह, गिरी राज सिंह, रघुवीर, ओमपाल सिंह, चरण सिंह, सुभाष आदि उपस्थित रहे।