मौत से टकराने वाले होंगे सम्मानित
बागपत। काठा नाव हादसे के दौरान दूसरों की जान बचाने वाले लोगों को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसकी सूची तैयार की जा रही है। उधर, नदियों से जो लोग आवागमन करते है। उनको तैरने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। गोताखोरों और नदी किनारे के गांवों के लोगों को एनडीआरएफ से ट्रेनिंग दिलाने की योजना है।
जनपद से यमुना, हिंडन और कृष्णा नदी होकर गुजरती है। उनको पार करके काफी लोग अपने खेतों और अन्य काम से जाते हैं। काठा गांव में भी नाव में सवार होकर किसान और मजदूर हरियाणा जा रहे थे। ज्यादा सवारी होने के कारण ही हादसा हुआ । आगे कभी इस तरह का हादसा न हो। इसको लेकर प्रशासन हर तैयारी कर रहा है। उन बिंदुओं का पता लगाया जा रहा है जहां से लोग नदियों पार करते है। उन स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। वहां पर आवश्यक सूचना लिखा बोर्ड लगाया जाएगा। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने कहा नदी पार करने वाले लोगों को तैरने का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। नदी किनारे गांव में रहने वाले कुछ लोगों और गोताखारों को एनडीआरएफ से ट्रेनिंग दिलाई जाएगी। ताकि काठा जैसा हादसा आगे कभी न हो। इसके अलावा दूसरों की जान बचाने लोग काठा के लोगों और गोताखोरों की सूची तैयार की जा रही है। इन्हें जल्द ही एक कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा।