बड़ौत (बागपत)।
टूटी पड़ी बड़ौत-बिनौली सड़क और उस पर जलभराव की समस्या से लोग तंग आ चुके हैं। समस्या को लेकर लोगों ने रविवार को बिनौली रोड पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
लोगों का कहना है कि पीडब्लूडी विभाग के अफसरों की लापरवाही के कारण बड़ौत-बिनौली मार्ग पिछले छह माह से बुरी तरह से टूटा पड़ा है। इस पर गुजरना मुश्किल हो रहा है। अब इस मार्ग पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। मार्ग में गहरे-गहरे गड्ढे बन गए हैं। आए दिन कोई न कोई वाहन चालक गड्ढों में गिरकर घायल हो रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने समस्या को लेकर प्रदर्शन किया और शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। एसडीएम दर्शन सिंह का कहना था कि वे इस संबंध मेें विभागीय अधिकारियों से बातचीत करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश, वीरपाल पंवार, राजेंद्र, महावीर, चंद्रकिरण, सुभाष, अजय, राजीव तोमर, सुखवीर शामिल रहे।