ठेले वालों को स्थायी ठिकाने देने की तैयारी
बागपत। ठेली, पटरी और अस्थाई खोखा लगाकर सामान बेचने वालों के दिन बहुरने की उम्मीद जगी है। सरकार उनको स्थायी ठिकाने देने की तैयारी में है। इसके लिए पथ बाजार विक्रय समिति का गठन कर पंजीकरण करेगी।
प्रमुख सचिव कुमार कमलेश ने उत्तर प्रदेश पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण और पथ विक्रेता विनियम) नियमावली - 2017 का हवाला देकर
नगर आयुक्त और स्थानीय निकाय निदेशक को पत्र जारी कर कहा 15 जुलाई से 30 अक्तूबर तक छह चरण में पथ विक्रेताओं के पंजीकरण से लेकर उनके पहचान पत्र तक जारी करें। इसके साथ ही पथ विक्रय समिति का गठन करें। 30 अगस्त तक पथ विक्रेताओं का सर्वेक्षण और 30 सितंबर तक पथ विक्रय पंजीकरण कार्य पूरा करें। इस पर बागपत में नगर पथ विक्रय समिति के सदस्य के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं।
बागपत नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ललित कुमार आर्य ने बताया प्रमुख सचिव कुमार कमलेश का पत्र प्राप्त होने ही कार्रवाई शुरू हो गई है।
ईओ ने बताया नगर के पंजीकृत पथ विक्रेता संघों से आवेदन मांगे हैं। ठेली, अस्थाई खोखे लगाने वालों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद शासन के आदेशानुसार कार्रवाई होगी। सूत्रों के अनुसार कोई व्यक्ति किसी संघ का सदस्य होने पर परिचय प्रमाणपत्र और चरित्र प्रमाणपत्र के साथ नगर पथ विक्रय समिति के सदस्यता के लिए संघ में आवेदन कर सकता है। पथ विक्रय संघ अपने सदस्यों में से पदाधिकारी को चुन सकते हैं ।