छपरौली (बागपत)। गन्ना मिल के चेयरमैनों ने गन्ना आयुक्त से हस्तक्षेप कर किसानों को बकाया पर ब्याज दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा यदि सरकार ने किसानों के बकाया भुगतान पर ब्याज नहीं दिलाया तो किसान सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगा।
लखनऊ में गन्ना आयुक्त विपिन द्विवेदी से मिलकर एसबीईसी शुगर मिल के चेयरमैन धूम सिंह ने बताया सभी गन्ना मिलों के चेयरमैन एक बात पर एक मत थे कि गन्ना मिल द्वारा किसानों के गन्ने के बकाया पर ब्याज देना होगा। यदि प्रदेश सरकार किसानों को बकाया का ब्याज देने में आनाकानी करती है, तो उसका विरोध होगा। इसके खिलाफ किसान एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने जब किसान सहकारी समिति, बैंक आदि से किसान लोन लेता है तो उसका ब्याज भी देता है, लेकिन प्रदेश की शुगर मिलों को किसानों के बकाया पर ब्याज दिलाने का सरकार प्रयास नहीं कर रही है। जबकि ब्याज दिलाना भाजपा के चुनावी एजेंडे में भी था। इस बैठक में गन्ना उपायुक्त सहित शुगर मिल बागपत के चेयरमैन कृष्णपाल, थानाभवन शुगर मिल के चेयरमैन अशोक कुमार, शामली, मोरना आदि शुगर मिलों के चेयरमैन मौजूद रहे।