आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पियरिया धर्मशाला के पास बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे कुछ लोगों ने पेड़ से बांधकर भरौली गांव निवासी रोशन कुमार की जमकर पिटाई कर दी। इससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान हुए विवाद में यह घटना हुई है। शुक्रवार की सुबह मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राजू निषाद, उसकी पत्नी मुद्रिका, बेटा राज निषाद और दादा खोभारी निषाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
खोभारी और मुद्रिका को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी प्रभावती पत्नी स्व. रामनिहोर ने बताया कि उनका 26 वर्षीय बेटा रोशन कुमार बृहस्पतिवार की शाम मजदूरी कर घर लौटा था। इसके बाद बाजार लौंगलता खाने गया था। रोशन सात बजे घर लौट रहा था।
बाजार से कुछ दूर पहले भरौली गांव निवासी राजू निषाद, उसकी पत्नी मुद्रिका, बेटा राज निषाद और खोभारी निषाद ने रोशन को पाकड़ के पेड़ से बांधकर लाठी-डंडे से एक घंटे तक पिटाई की। परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।