आजमगढ़ जिले में थाने से 500 मीटर दूर युवक को गोली मार दी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया।
आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक को गोली मार दी। घटना थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर पकड़ी गांव के पास असिलाई रोड पर हुई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए असिलाई की तरफ फरार हो गए।
विज्ञापन
पकड़ी गांव निवासी आर्यन यादव (18) पुत्र मनोज यादव शनिवार को असिलाई रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान अपाची बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। एक गोली आर्यन के बाएं हाथ के पंजे में, जबकि दूसरी गोली बाएं पैर में लगी। गोली लगने से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। बदमाशों की तलाश में पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है।