आजमगढ़ में बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मधनापार गांव में एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। रविवार को दिन में तीन बजे उसका शव बाग में फेंका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। शव के पास ही हत्या में प्रयुक्त चाकू व एक बाइक मिली। मृतक की शिनाख्त मनीष मिश्रा (21) निवासी जीयनपुर के रूप में हुई।
बिलरियागंज के मधनापार गांव की पुलिया के पास स्थित बाग में रविवार को तीन बजे के लगभग एक युवक का गला रेत कर हत्या किया हुआ शव ग्रामीणों ने देखा। सूचना पर बिलरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कवायद में जुट गई। शव के पास ही हत्या में प्रयुक्त चाकू व एक बाइक भी मिली।
वहीं जिले से फोरेंसिक टीम भी जांच पड़ताल को मौके पर पहुंची। बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान 21 वर्षीय मनीष मिश्रा पुत्र राकेश मिश्रा निवासी गडेरूआ थाना कोतवाली जीयनपुर के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार रविवार की सुबह मनीष अपने पिता को गोदान एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ाने के लिए बाइक से जिला मुख्यालय आया था।
पिता को ट्रेन पर बैठा कर वह पटवध स्थित एक प्राइवेट आईटीआई पर प्रवेश पत्र लेने गया था। इसके बाद किस हाल में वह मधनापार बाग में पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ यह परिजन नहीं बता सके। परिजनों के अनुसार दो माह पूर्व मनीष का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। पुलिस शव को पीएम के लिए भेज दी है।
युवक की गला रेत कर हत्या मामले में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। परिजनों से तहरीर मिलने का पुलिस इंतजार कर रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
महेंद्र कुमार शुक्ला, सीओ सगड़ी।