अमिलो/बलरामपुर। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव में डिवाइडर से उसकी बाइक टकरा गई थी और वह घायल हो गया था। परिजन उसे एक अस्पताल में भर्ती कराए थे जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशी बाजार रोड पर ऑटो से नीचे गिरकर एक युवक घायल हो गया। जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा निवासी विकास (25) 11 मार्च को रात लगभग नौ बजे बाइक से सठियांव स्थित कालिका हवेली ढाबा में खाना खाने जा रहा था। वह जैसे ही सठियांव पहुंचा कि उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। वह दो भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। थाना प्रभारी निरीक्षक निहारनंदन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में युवक घायल हुआ था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के शोकहरा गांव निवासी मानस श्रीवास्तव (19) पुत्र ओम प्रकाश रविवार की सुबह लगभग आठ बजे जीयनपुर से आटो में बैठ कर आजमगढ़ आ रहे थे। वह जैसे ही बंशी बाजार पहुंचे ही थे तभी अचानक चक्कर आने से ऑटो से नीचे गिरकर घायल हो गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया जहां इलाज चल रहा है।