आजमगढ़। अगले माह में सिंचाई विभाग के दोनों खंडों को नया कार्यालय भवन मिल जाएगा। सिंचाई विभाग काॅलोनी में कार्यालय भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। रंग रोगन का काम अंतिम दौर में चल रहा है। इसके बाद दोनों खंडों के कार्यालय नए भवन में शिफ्ट कर दिए जाएंगे।
शुरूआती दौर से ही यहां सिंचाई विभाग के दोनों खंड कार्यालय टीनशेड में संचालित हो रहे हैं। टीनशेड काफी पुराने हो चुके हैं। इसके कारण बरसात में जहां इनसे पानी टपकता है वहीं गर्मी के दिनों में टिनशेड के नीचे बैठकर कर्मचारियों को काम निपटाना मुश्किल हो जाता है। बरसात में पानी टपकने से फाइलों को रखने में दिक्कत आती होती है।
दोनों कार्यालयों शारदा सहायक खंड 23 और शारदा सहायक खंड 32 का यही हाल है। इसे देखते हुए दोनों खंडों के कार्यालय के लिए नए भवन की मांग काफी दिनों से चल रही थी। वर्ष 2023 में आठ करोड़ से दोनों खंड कार्यालयों के लिए नया भवन बनाने की स्वीकृति शाासन से मिली। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवंबर 2023 में कार्य शुरू हुआ। एक वर्ष बाद यानि नवंबर 2024 में इसे पूरा किया जाना था लेकिन पूरा नहीं हो पाया। काम को पूरा होने में चार माह अधिक का समय लग गया। दोनों खंडों का कार्यालय बनकर तैयार है। रंग रोगन का बचा काम इसी मार्च माह में पूरा हो जाएगा। अगले अप्रैल माह में दोनों कार्यालय नए भवन में शिफ्ट कर दिए जाएंगे। वहीं, नए कार्यालय भवन के सामन मंदिर परिसर का सुंदरीकरण किया जा रहा है। यहां पर पार्क बनाया जा रहा है ताकि सुबह-शाम लोग इसमें टहल सकें।
सिंचाई विभाग के दोनों खंड कार्यालयों के लिए आठ करोड़ से नया भवन बनकर तैयार है। बचा रंग रोगन का कार्य इसी माह पूरा हो जाएगा। अगले अप्रैल माह में दोनों कार्यालय नए भवन में शिफ्ट हो जाएंगे। कार्यालय के सामने पार्क का निर्माण भी चल रहा है।
- विरेंद्र सिंह, एक्सईएन सिंचाई खंड 23