जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कंजरा मोड़ पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक की मंगलवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के खालिसपुर सिंघौटा गांव निवासी 26 वर्षीय राहुल पुत्र बरखू 16 दिसंबर को बाइक से अपनी बहन के घर भटौली गया हुआ था। रात में वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान कंजरा मोड़ पर ट्रक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल गए जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए थे। जहां इलाज के दौरान मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक बहन बतायी गई है। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया है।