मार्टीनगंज। दीदारगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की कुवैत में मौत हो गई। सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। मृत रोजीरोटी के लिए छह माह पूर्व ही कुवैत गया हुआ था।
भादो गांव निवासी 36 वर्षीय अशोक पुत्र रामदुलार बीते 26 जनवरी को खेतीहर मजदूर के रुप में वीजा पर कुवैत के जेहरा में गया हुआ था। मंगलवार की रात अचानक उसकी तबीयत खराब हुई। जानकारी होने पर अरबी मालिक ने उसे दवा आदि दिया। बुधवार की सुबह अशोक जब अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो मालिक पुन: मौके पर पहुंचा तो उसे कमरे में मृत हाल में पाया। सूचना पर कुवैत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। कुवैत में ही अशोक का चचेरा भाई दीपचंद पुत्र प्यारेलाल भी नौकरी करता था। उसने घटना की सूचना परिजनों को दिया। युवक के मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक एक पुत्र व दो पुत्रियों का पिता था।