पल्हना। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गड़बड़ा गांव स्थित कबीरा की पुलिया के पास शनिवार को दिन में अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की जहां मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं दूसरा गंभीररुप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सीएचसी टीकरगाढ़ ले जाया गया जहां हालत गंभीर देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के समय दोनों बाइक से कहला सिकंदरपुर गाव जा रहे थे।
बरदह थाना क्षेत्र के भीरा (अल्लीपुर) गांव निवासी 33 वर्षीय सतीश यादव व 31 वर्षीय अजय यादव पुत्रगण रामअवध यादव शनिवार की सुबह बाइक से किसी काम से कहला सिकंदरपुर जा रहे थे। अभी वे देवगांव कोतवाली अंतर्गत गड़बड़ा गांव स्थित कबीरा की पुलिया के पास ही पहुंचे थे कि अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें धक्कार मार दिया। इस हादसे में सतीश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय गंभीररुप से घायल हो गया। हादसे के बाद चार पहिया वाहन सवार मौके से मय वाहन फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी टीकरगाढ़ लालगंज भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसकी भी हालत गंभीर देखी और हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पीएम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।