बलरामपुर। कंधरापुर थाना के भोर्रा मकबूलपुर गांव निवासी एक युवक ने बुधवार की सुबह खुद को पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली। लहूलुहान हाल में परिजन व पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
भोर्रा मकबूलपुर गांव निवासी अशोक कुमार का पुत्र आशीष कुमार(25) बुधवार की सुबह पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर घर से कुछ दूर गया और खुद को गोली मार लिया। गोली उसके सिर में लगी और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने देखने से इंकार कर दिया। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मां-बाप की इकलौती संतान था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।