सगड़ी। सगड़ी तहसील क्षेत्र के तुरकौली गांव में रविवार को श्रद्धालुओं ने गाजे बाजे के साथ काशी दास बाबा और वन सप्ती माई का श्रद्धापूर्वक पूजन- अर्चन किया गया। इस दौरान देवी, देवताओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बाद में प्रसाद वितरित किया गया।
संत प्रसाद पौहारी बाबा ने सर्व प्रथम पूजन- अर्चन कर मंत्रोच्चारण के बीच उपले का घर्षण कर अग्नि प्रज्वलित किया। अग्नि प्रज्वलित होते ही जय जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। पूजा मंडप में जगह- जगह मिट्टी के घड़े और खप्पर में दूध उबाला गया। साथ ही खप्पर में दूध और चावल की खीर बनाई गई। पौहारी बाबा ने खौलते दूध और खीर से जिस बच्चे की मन्नत मांगी गई थी, उसको नहलाया और अपने शरीर पर भी खौलते दूध और खीर का लेपन किया, वही बच्चे ने खौलते दूध में हाथ डालकर हिलाया। लोगों का मानना था कि काशी दास बाबा और वन सप्ती माता की कृपा से बच्चे पर कोई बुरा असर नहीं पड़ा। पौहारी ने बताया चारों नक्षत्र में वर्षा का योग है। पशुओं में बीमारी फैलने का डर बना रहेगा। इस पूजा को देखने के लिए दूरदराज से सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे आए हुए थे। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर अंशुमान यादव, हरिमोहन यादव, हरिनाथ यादव, रामाश्रय यादव, पूजन यादव, सोनू यादव, आदि लोग मौजूद थे।