बरदह थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरौना पट्टी में शुक्रवार को घर के सामने बिजली के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से करंट की चपेट में आए चंद्रकेश बिंद(35) की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बरौना पट्टी निवासी चंद्रकेश बिंद (35) शुक्रवार को अपने घर के सामने खड़े थे। बिजली के खंभे से उनके घर तक आई केबल में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया।
इसके बाद तार टूटकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में आने से चंद्रकेश को करंट लग गया। वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें जीवली स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी कविता ने पुलिस को तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
चंद्रकेश दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। पति की मौत के बाद पत्नी कविता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मां कलावती भी बेटे की मौत से बेसुध हैं। चंद्रकेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि करंट लगने से व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।